ओमान में 120 किमी अल्ट्रा ट्रेल रन जीतने वाले कलम सिंह बिष्ट का थराली में भव्य स्वागत

थराली –
ओमान में आयोजित 120 किलोमीटर अल्ट्रा ट्रेल रन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकासखंड देवाल के मुंदोली निवासी पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट के गृह जनपद पहुंचने पर जगह-जगह फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। थराली बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व सैनिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिक कलम सिंह बिष्ट की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। वक्ताओं ने जानकारी दी कि 11 से 13 दिसंबर तक ओमान में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा ट्रेल रन प्रतियोगिता में 68 देशों के धावकों ने प्रतिभाग किया था। इस अत्यंत कठिन प्रतियोगिता में कलम सिंह बिष्ट ने 120 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण दौड़ मात्र 18 घंटे में पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया।
गौरतलब है कि नायक कलम सिंह बिष्ट ने 16 वर्षों तक गढ़वाल राइफल में देश सेवा की है। वर्तमान में वे ‘मुंदोली राइडर क्लब’ की स्थापना कर युवाओं को सेना में भर्ती की तैयारी के साथ-साथ साहसिक खेल एवं साइकिलिंग प्रतियोगिताओं का प्रशिक्षण दे रहे हैं।उनकी इस उपलब्धि पर कर्नल ईश्वर सिंह फरस्वाण, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, भगवती पांडे, गंगा सिंह बिष्ट, प्रद्युमन सिंह भाकुनी, उमा उनियाल, कला रावत, पुष्पा बिष्ट, महेश उनियाल, बिना बिष्ट, कुंवर सिंह रावत, जिला पंचायत सदस्य हरीश सोनियल, मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बिष्ट, नंदू बहुगुणा, नरेंद्र भारती, दीवान सिंह पिमोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


