Blog

खुनाना में भालू का हमला, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल

ख़बर को सुनें

चमोली –

नंदानगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम खुनाना में आज गुरुवार को एक गंभीर वन्यजीव हमला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार समय लगभग 1:00 बजे पूर्वाह्न ग्राम एवं पोस्ट खुनाना, पटवारी क्षेत्र मानखी, तहसील नंदानगर, जनपद चमोली निवासी केसर सिंह (पुत्र श्री आनंद सिंह), उम्र लगभग 39 वर्ष पर भालू ने हमला कर दिया।

यह घटना ग्राम खुनाना स्थित जूनियर हाई स्कूल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर घटित हुई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। भालू के अचानक किए गए हमले में श्री केसर सिंह को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर पहुंचाया।

चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के दौरान घायल की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए रेफर किया गया। इसके बाद प्रशासनिक समन्वय से घायल व्यक्ति को हेली लिफ्ट के माध्यम से एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की प्रक्रिया की गई।घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है तथा वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की जा रही है। प्रशासन और वन विभाग को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Articles

One Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button