23वें अभिनीत बधानी महोत्सव का भव्य आगाज, लोकसंस्कृति के रंग में रंगी पिंडर घाटी

थराली –
कुलसारी खेल मैदान में शुक्रवार को 23वें अभिनीत बधानी महोत्सव का भव्य शुभारंभ पारंपरिक लोकधुनों और सांस्कृतिक उल्लास के साथ हुआ। ग्राम प्रधान कुलसारी अनीता देवी ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और संस्कृति प्रेमियों की मौजूदगी रही, जबकि पूर्व प्रमुख राकेश जोशी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय कला दीक्षा सम्मान से सम्मानित लोकगायिका गंगा देवी ने अपने सुमधुर लोकगीतों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महिला मंगल दल कुलसारी सहित पिंडर घाटी की विभिन्न सांस्कृतिक टीमों ने झोड़ा-चांचरी, पारंपरिक नृत्य और लोकनाट्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
मेला अध्यक्ष प्रेम देवराड़ी ने बताया कि यह 10 दिवसीय महोत्सव पिंडर घाटी की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रामलीला मंचन के साथ सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही शिक्षा, संस्कृति, खेल और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि राकेश जोशी ने कहा कि अभिनीत बधानी महोत्सव लोकसंस्कृति के संरक्षण का सशक्त माध्यम है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ता है।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान अनीता देवी ने आयोजन समिति व कलाकारों का आभार जताया। पहले ही दिन उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि अभिनीत बधानी महोत्सव पिंडर घाटी का प्रमुख और लोकप्रिय सांस्कृतिक उत्सव बन चुका है।


