बीडीसी बैठक में गूंजे जनसमस्याओं के मुद्दे,सड़कों की बदहाली पर सदस्यों ने जताई नाराजगी
नारायण बगड विकास खंड मै बीडीसी बैठक

नारायणबगड़।
नारायणबगड़ ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक में नवनिर्वाचित ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों में अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याएं उठाने को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। बैठक में मुख्य रूप से सड़क, शिक्षा एवं पेयजल से जुड़ी समस्याएं छाई रहीं। वहीं जिला स्तरीय अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सदस्यों ने नाराजगी जताई, साथ ही जिला पंचायत सदस्यों को पूर्व सूचना न दिए जाने पर भी खेद व्यक्त किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख गणेश चंद्रोला ने की, जबकि विधायक भूपाल राम टम्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सभी नवनिर्वाचित सदस्यों के माल्यार्पण एवं स्वागत के साथ किया गया। ब्लॉक प्रमुख गणेश चंद्रोला ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए सदन की गरिमा बनाए रखते हुए जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से रखने की अपील की। इसके अलावा सदन में सड़क,शिक्षा,पेयजल,विद्युत,स्वास्थ्य समेत कई मुद्दे जनप्रतिनिधियों ने सदन के सम्मुख रखा। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य यशपाल नेगी ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत क्षेत्र में विगत बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का अब तक सुधारीकरण न होने पर ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए शीघ्र मरम्मत की मांग की। ग्राम प्रधान हेमंती देवी, राखी, योगेंद्र सिंह, देवेंद्र गांधी, गोदांबरी, सुरेंद्र लाल एवं जय नारायण ने परखाल–नारायणबगड़, मींग गधेरा–गड़कोट–खेनोली, परखाल–डूंगरी, सिलोडी–चिड़िंगा तथा नलगांव–कफरतीर मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह,रेखा देवी,नरेंद्र रावत एवं भूपेंद्र सिंह ने नारायणबगड़–परखाल–रैंस–भटियाणा मार्ग के सुधारीकरण एवं नैणी–बूगा मोटर मार्ग से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में जिला विकास अधिकारी आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी पंकज भट्ट,खंड विकास अधिकारी बीरेंद्र असवाल, जिला पंचायत सदस्य सूरी कनेरी,प्रदीप बुटोला, साक्षी नेगी,ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र रावत, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र मेहरा, प्रधान संगठन अध्यक्ष योगेंद्र खत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



