Blog

थराली-देवाल-वाण नंदाराजजात मोटर मार्ग में अनियमितताओं के आरोपों के बाद अधीक्षण अभियंता ने किया निरीक्षण

ख़बर को सुनें

थराली-

लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड (लोनिवि) के अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा ने वृहस्पतिवार को थराली-देवाल-वाण नंदाराजजात मोटर मार्ग के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। सड़क के सुधारीकरण और हॉटमिक्स कार्यों में अनियमितताओं तथा निम्न गुणवत्ता के आरोपों के बाद यह निरीक्षण किया गया।

ज्ञात हो कि नंदा राजजात यात्रा के दृष्टिगत 22 किमी लंबे थराली-देवाल-वाण नंदाराजजात मोटर मार्ग के सुधारीकरण एवं हॉटमिक्स के लिए लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से कार्य स्वीकृत है। कार्य प्रारंभ होने के बाद से ही ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क निर्माण, दीवारों के निर्माण और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता राजेश चंद्रा ने माना कि मुख्य ठेकेदार द्वारा बिना अनुमति के छोटे ठेकेदारों को कार्य बांट दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी। किमी 3 पर बन रहे वायरक्रेट निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोका जाएगा। साथ ही सड़क के मोड़ (बैंड) को काटकर पीछे की ओर चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, ताकि बरसात के दौरान सड़क बाधित न हो। उन्होंने बताया कि सड़क किनारे आ रहे बिजली के दो पोलों को हटाने के लिए संबंधित अधिशासी अभियंता को उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सड़क पर कार्य कर रहे सभी छोटे ठेकेदारों की सूची तैयार की जाएगी।

अधीक्षण अभियंता ने कहा कि अभी तक कुल कार्य का दस प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है। होली के बाद उनके द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button