वन पंचायत भूमि चमेठी की सिविल भूमि में लगी आग, ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से टला बड़ा नुकसान

पोखरी-
विकासखंड पोखरी के अंतर्गत वन पंचायत भूमि चमेठी की सिविल भूमि में गुरुवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो यह आसपास स्थित ग्रामीणों की गौशालाओं तक पहुंच सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
आग लगने की सूचना मिलते ही केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी तथा अलकनंदा भूमि संरक्षण वन प्रभाग पोखरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी बी.एल. शाह वन कर्मियों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। दोनों रेंजों के कर्मचारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मोर्चा संभाला। चमेठी गांव के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर जान जोखिम में डालते हुए आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इससे वन क्षेत्र में और अधिक नुकसान होने से बचाव हो सका।
इस दौरान वन दरोगा आनंद सिंह रावत, वन आरक्षी उमेद सिंह नेगी विनोद लाल, दिनेश राणा, भूपेंद्र, रोहित, मुकेश, आर्यन, नरेश, दरवान सिंह, राजेंद्र पंत, परशुराम पंत समेत तमाम वन कर्मी और ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन क्षेत्रों में आग से बचाव के प्रति सजग रहें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरते ।


