मासौं तल्ला में मुर्गी बाडे मे घुसा गुलदार, रेस्क्यू के दौरान दो वन आरक्षी घायल
पौड़ी गढ़वाल-
गढ़वाल वन प्रभाग की पौड़ी नागदैव रैंज के मासौं तल्ला गांव में मुर्गीबाड़े में घुसे गुलदार को रेस्क्यू करने के दौरान दो वन आरक्षी घायल हो गए। कई घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर रेंज कार्यालय पौड़ी पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब पांच बजे गुलदार अर्जुन सिंह के मुर्गीबाड़े में घुस गया। जाली के रास्ते वह एक कमरे में पहुंच गया, जहां अंदर बंद हो गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और गुलदार को सुरक्षित बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।
पशु चिकित्सक के परामर्श पर टीम ने गुलदार को ट्रैंक्विलाइज किया और उसे पिंजरे में सुरक्षित करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ क्षेत्रवासियों द्वारा रेस्क्यू अभियान में अवरोध किए जाने से कार्रवाई में विलंब हुआ। ट्रैंक्विलाइजेशन की दवा का प्रभाव सीमित अवधि तक रहने के कारण विलंब के बीच गुलदार दोबारा होश में आ गया।
होश में आने के बाद गुलदार ने मौके पर मौजूद वन आरक्षी नवीन रावत और पंकज नेगी पर हमला कर दिया। दोनों वन आरक्षी घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इसके बाद कुछ क्षेत्रवासियों द्वारा गुलदार को मारने की मांग किए जाने से मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई और रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ। परिस्थितियों को नियंत्रित करने तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद वन विभाग की टीम ने करीब तीन घंटे बाद गुलदार को दोबारा ट्रैंक्विलाइज किया। इसके बाद उसे सुरक्षित पिंजरे में कैद कर पौड़ी रेंज कार्यालय लाया गया। वन विभाग के अनुसार रेस्क्यू किया गया गुलदार नर है और उसकी उम्र करीब एक वर्ष है। गुलदार के स्वास्थ्य परीक्षण और आवश्यक चिकित्सकीय कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग की टीम द्वारा मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरती गईं तथा नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
