बदरीनाथ चढ़ावा प्रकरण: जांच समिति मंगलवार शाम तक नहीं पहुंची धाम
2 जुलाई की चढ़ावा गणना में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों के स्पष्टीकरण बीकेटीसी को मिले, जांच शुरू होने का इंतजार
चमोली –
बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित हेराफेरी के मामले की जांच के लिए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा गठित चार सदस्यीय जांच समिति मंगलवार शाम तक बदरीनाथ धाम नहीं पहुंच सकी। समिति के धाम पहुंचने के बाद ही मामले की औपचारिक जांच शुरू होगी।
बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगण ने बताया कि जांच समिति मंगलवार को बदरीनाथ के लिए रवाना हुई है और धाम पहुंचते ही संबंधित प्रकरण की जांच प्रारंभ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समिति घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों, अभिलेखों और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी। मुख्य कार्याधिकारी ने बताया कि 2 जुलाई को बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावा गणना में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से मांगे गए स्पष्टीकरण प्राप्त हो चुके हैं। सभी स्पष्टीकरणों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच समिति इन दस्तावेजों का भी अवलोकन करेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गणना के दौरान कथित अनियमितताओं का मामला सामने आने के बाद बीकेटीसी ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था। इस प्रकरण को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।



