उत्तराखंड

हरेला महोत्सव पर चमोली में हरियाली का महाअभियान, 85 हजार पौधारोपण का लक्ष्य

ख़बर को सुनें

–*’एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी

चमोली –

हरेला पर्व के अवसर पर जनपद चमोली में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ गुरुवार को व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पूरे जिले में 85 हजार से अधिक पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। जिलेभर में सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित पॉलिटेक्निक परिसर के समीप आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने अनार का पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने भी पौधे लगाकर हरित चमोली के निर्माण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों का संरक्षण और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पौधों की सुरक्षा, पोषण और उनके जीवित रहने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।

इधर राजकीय नर्सिंग कॉलेज गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं के साथ पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का संकल्प लेना होगा। कार्यक्रम में कार्यवाहक प्राचार्य निधि, मुख्य कृषि अधिकारी जे.पी. तिवारी, नगर पालिका के पार्षद, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गोपेश्वर में भी हरेला पर्व के तहत ‘एक वृक्ष मां के नाम’ थीम पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. एम.पी. नगवाल, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। हरेला महोत्सव के अवसर पर जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों और ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। जनभागीदारी के साथ चलाए गए इस अभियान ने यह संदेश दिया कि हरित चमोली और स्वच्छ पर्यावरण का सपना तभी साकार होगा, जब पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी सामूहिक जिम्मेदारी बने।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button