उत्तराखंड

कैडेट कुणाल ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लहराया परचम, स्वर्ण एवं रजत पदक जीते

ख़बर को सुनें

कर्ण प्रयाग –

डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कर्णप्रयाग के बी.ए. तृतीय सेमेस्टर के छात्र एवं एनसीसी कैडेट कुणाल ने श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन एचईसी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस द्वारा वंदना कटारिया स्टेडियम, हरिद्वार में किया गया।

कैडेट कुणाल ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा, दृढ़ संकल्प एवं खेल भावना का परिचय देते हुए दो प्रमुख स्पर्धाओं में शानदार सफलता हासिल की। उन्होंने *लंबी कूद प्रतियोगिता में 6.38 मीटर की छलांग लगाकर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक* अपने नाम किया। वहीं, *ऊँची कूद प्रतियोगिता में 1.60 मीटर की ऊँचाई पार कर द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक* हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से संपूर्ण महाविद्यालय गौरवान्वित हुआ है।

उल्लेखनीय है कि कैडेट कुणाल पिछले दो वर्षों से महाविद्यालय के खेलों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2025 एवं 2026 में लगातार दो वर्षों तक बालक वर्ग में महाविद्यालय चैंपियन का खिताब अपने नाम किया है। महाविद्यालय स्तर पर उनकी निरंतर सफलता के साथ-साथ विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालय प्रतियोगिता में उनका शानदार प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, लगन एवं उत्कृष्ट खेल प्रतिभा को दर्शाता है।

कैडेट कुणाल की इस शानदार उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. राम अवतार सिंह ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कैडेट कुणाल के समर्पण, परिश्रम एवं खेल प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, उन्होंने खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में योगदान देने वाले समस्त प्राध्यापकों को भी बधाई दी।

महाविद्यालय की खेल समिति, खेल प्रभारी डॉ. त्रिभुवन चंद्र खाली के नेतृत्व में डॉ. ममता भदोला जोशी, लेफ्टिनेंट नरेंद्र पंघाल एवं डॉ. विनोद चंद्र ने भी कैडेट कुणाल को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। समिति के सदस्यों ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी अंतरमहाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं उच्च स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से प्रतिभाग करने तथा अपनी प्रतिभा के माध्यम से महाविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button