बदरीनाथ धाम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जा रही जन्माष्टमी

-अर्धरात्रि में होगा भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्मोत्सव, विशेष पूजा-अर्चना और आरती की तैयारियां पूरी
चमोली –
उत्तराखंड के प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम में शुक्रवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। जन्माष्टमी को लेकर धाम में पहुंचे देशभर के श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की ओर से पर्व के आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और श्री बदरीनाथ मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।
जन्माष्टमी के अवसर पर रात्रि में अर्धरात्रि के समय भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक जन्मोत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान श्री बदरीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और आरती आयोजित की जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा के साथ विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। जन्मोत्सव के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
भगवान श्रीकृष्ण को प्रतीकात्मक रूप से पालने में विराजमान कराने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। इसके लिए मंदिर परिसर में आकर्षक झूला लगाया गया है। जन्म के समय मंदिर परिसर का वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक भाव से सराबोर होने की उम्मीद है।
जन्माष्टमी पर्व के लिए मंदिर के गर्भगृह और परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। पर्व के धार्मिक अनुष्ठान रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठी रवीन्द्र भट्ट की ओर से संपन्न कराए जाएंगे। इस दौरान बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की मौजूदगी रहेगी बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ जन्माष्टमी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुरुवार को ही श्री बदरीनाथ धाम पहुंच गए थे।
बदरीनाथ में जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व
श्री बदरीनाथ धाम में जन्माष्टमी पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। भगवान बदरीनाथ के दर्शन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु जहां भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर रहे हैं, वहीं जन्माष्टमी के धार्मिक आयोजनों में भी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
इधर, श्री बदरीश पंडा पंचायत बदरीनाथ की ओर से शनिवार, 5 सितंबर को जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इससे धाम में जन्माष्टमी का उत्सव और अधिक भव्य एवं भक्तिमय होने की संभावना है। जन्माष्टमी आयोजन के दौरान अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, प्रभारी अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, प्रशासनिक अधिकारी विवेक थपलियाल, योगंबर नेगी सहित बीकेटीसी के अधिकारी-कर्मचारी, तीर्थ पुरोहित और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं।


