घरेलू विवाद के घर छोड़ रुड़की गई विवाहिता सकुशल मिली, नन्दानगर पुलिस ने परिजनों को सौंपा

चमोली –
थना नन्दानगर में वादी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी 34 वर्षीय विवाहिता पुत्री अपने मायके आयी हुई थी व बिना बताए 03 दिसंबर को घर से कहीं चली गई है, जिसकी परिजनों द्वारा काफी खोजबीन की गई, परंतु उसका कोई पता नहीं चल पाया। वादी के लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना नन्दानगर में तत्काल *गुमशुदगी क्रमांक 09/2025* पंजीकृत किया गया।
गुमशुदा महिला की तलाश हेतु पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर सघन खोजबीन की गई तथा उसके संबंध में सूचना संकलन किया गया। जांच के दौरान ज्ञात हुआ कि महिला रुड़की, जनपद हरिद्वार में रह रही है। इस पर पुलिस द्वारा परिजनों से समन्वय स्थापित करते हुए महिला से संपर्क किया गया।
दिनांक 10 दिसंबर 2025 को गुमशुदा महिला अपने परिजनों के साथ स्वयं थाना नन्दानगर पहुंची। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि दिनांक 03 दिसंबर 2025 को मायके व ससुराल पक्ष में घरेलू विवाद होने के कारण वह बिना किसी को बताए रुड़की में नौकरी की तलाश के उद्देश्य से स्वयं चली गई थी। दिनांक 09 दिसंबर 2025 को जब उसने फोन पर अपनी माता से संपर्क किया, तो उसे ज्ञात हुआ कि परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना नन्दानगर में दर्ज कराई है, जिसके पश्चात वह घर वापस लौटी।
महिला ने स्पष्ट किया कि उसके साथ इस अवधि में किसी भी प्रकार की कोई अप्रिय घटना या अपराध नहीं हुआ है, और अब वह स्वेच्छा से अपनी पति के साथ जाना चाहती है। जिसके पश्चात पुलिस द्वारा बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई के उपरांत महिला को सकुशल उसके पति के सुपुर्द किया गया।


