गौचर नगर में गूंजे जयकारे, पुष्प वर्षा से हुआ मां अनुसूया देवी डोली का भव्य स्वागत
51 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली सती शिरोमणि मां अनुसूया, श्रद्धा में डूबा नगर क्षेत्र

कर्णप्रयाग (गौचर)-
सती शिरोमणि माता अनुसूया देवी की पावन रथ डोली इन दिनों नगरपालिका क्षेत्र गौचर में भ्रमण पर है। 51 वर्षों बाद देवरा यात्रा पर निकली मां अनुसूया देवी डोली का नगर के विभिन्न वार्डों में पुष्प वर्षा, जयकारों और गहरी श्रद्धा के साथ भव्य स्वागत किया जा रहा है।
खल्ला गांव से निकली देवी मां की डोली के नगर प्रवेश करते ही वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर पुष्प, अक्षत और भेंट चढ़ाकर मनोकामनाएं मांगीं। हर द्वार पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 06 में गोविंद सिंह गुसाईं के निवास स्थान पर गुरुवार रात्रि विश्राम के पश्चात शुक्रवार को देवी डोली ने नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान देवी मां ने घर-घर जाकर अपनी धियाणियों और श्रद्धालुओं की कुशल-क्षेम पूछते हुए दर्शन दिए।
देवी डोली के साथ चल रहे पाश्र्व एवं ऐरवालों के पारंपरिक नृत्य आकर्षण का केंद्र बने रहे। ढोल-दमाऊ की थाप और मां अनुसूया के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान रहा। भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर देवी मां से क्षेत्र की खुशहाली, सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।


