जिला प्रशासन हीट वेव से निपटने को पूरी तरह तैयार:जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को जारी किये आवश्यक दिशा-निर्देश

चमोली –
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी दी कि ग्रीष्म ऋतु के दौरान संभावित आपदाओं एवं हीट वेव के प्रभावी प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा जन-जीवन एवं आधारभूत सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को न्यूनतम रखने के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में हीट वेव की जताई गयी सम्भावना के तहत बढ़ते तापमान, जल संकट, विद्युत आपूर्ति पर दबाव, वनाग्नि एवं आगजनी जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है। साथ ही, हीट वेव के दौरान जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को देखते हुए सम्बंधित विभागों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था की सुचारुता, अग्निशमन संसाधनों की तत्परता, स्वच्छता एवं जल निकासी, पशुधन देखभाल तथा कार्यस्थलों पर श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, छाया और जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
हीट वेव से बचाव हेतु व्यापक प्रचार प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाते हुए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। इस कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी, नन्द किशोर जोशी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि भीषण गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, हल्के व सूती वस्त्र पहनें तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


