ऑपरेशन प्रहार: चमोली में हुड़दंगियों पर पुलिस का कड़ा एक्शन, बिहार और पुणे के 05 युवक धरे गए

चमोली।
उत्तराखंड के पवित्र धार्मिक स्थलों की गरिमा और कानून व्यवस्था को ठेंस पहुंचाने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर हंगामा करने और राहगीरों व श्रद्धालुओं के लिए परेशानी खड़ी करने वाले 5 युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि देवभूमि की शांति भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मामला 1: बद्रीनाथ बाजार में आपस में भिड़े बिहार के तीन युवक
कोतवाली बद्रीनाथ पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य बाजार क्षेत्र में कुछ युवक आपस में जमकर लड़ाई-झगड़ा कर रहे हैं, जिससे स्थानीय माहौल खराब हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और हंगामा कर रहे तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पहचान: अनुज, कुंदन और छोटू विश्वास (सभी निवासी: बिहार)।
कार्रवाई: पुलिस ने तीनों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ा।
मामला 2: पांडुकेश्वर में शराब के नशे में धुत पुणे के युवकों का हाईवोल्टेज ड्रामा
दूसरा मामला पांडुकेश्वर चौकी क्षेत्र का है। 23 जून को बीआरओ (BRO) कैफे के सामने बीच सड़क पर शराब के नशे में धुत दो युवक जोरदार हो-हल्ला कर रहे थे। इनके हंगामे से वहां से गुजर रहे श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जब पुलिस टीम ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो नशे में चूर युवकों ने पुलिस की बात को भी हवा में उड़ा दिया।
इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।
पहचान: अविनाश और सागर (निवासी: पुणे, महाराष्ट्र)।
कार्रवाई: दोनों हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई और कड़ी चेतावनी दी गई।
चमोली पुलिस की दो टूक चेतावनी:” धार्मिक स्थलों की गरिमा से खिलवाड़ करने, नशे में हुड़दंग मचाने और कानून व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”



