उत्तराखंड

नारायणबगड़ में तहसील दिवस: 127 शिकायतें दर्ज, जर्जर सड़कों पर जनप्रतिनिधियों का फूटा गुस्सा

जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण का दिया भरोसा, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ख़बर को सुनें

नारायणबगड़।

ब्लॉक सभागार नारायणबगड़ में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस एवं “जन-जन की सरकार, जनता के द्वार” कार्यक्रम में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 127 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें कई का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी गौरव कुमार, राज्यमंत्री माधव सेमवाल तथा ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों का सबसे अधिक आक्रोश पीएमजीएसवाई और लोक निर्माण विभाग की जर्जर मोटर सड़कों को लेकर देखने को मिला। कई वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में आयोजित तहसील दिवस, जनता दरबार और बीडीसी बैठकों में भी यही समस्याएं उठाई गई थीं, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।  प्रधान विपिन मनोडी ने बताया कि नारायणबगड़-भगोती-झिझोड़ी मोटर मार्ग इंटर कॉलेज भगोती से आगे अत्यंत जर्जर हो चुका है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को कई बार उठाने के बावजूद विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया।

जिला पंचायत सदस्य साक्षी नेगी और सुरेंद्र कनेरी ने नारायणबगड़-परखाल तथा परखाल-बड़गांव-पालछुनी मोटर मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू नहीं होने पर आंदोलन और चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।  प्रधान सुरेंद्र लाल ने नारायणबगड़- किमोली मोटर मार्ग के सुधारीकरण तथा आगर में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने की मांग रखी। रामेश्वर देवली और पूर्व प्रधान महेश कुमार ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों के कारण गांवों में पेयजल संकट की जानकारी दी।

गंभीर सिंह परिहार ने पैठाणी गांव में झूलते विद्युत तारों और बगड़ तोक अनुसूचित जाति बस्ती पर भूस्खलन के खतरे का मुद्दा उठाया। वहीं गंगा सिंह नेगी ने जाखपाटियू क्षेत्र में जियो नेटवर्क ठप रहने से लोगों को हो रही परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी ने मींग गधेरा मोटर मार्ग की बदहाल स्थिति, स्व. मगन लाल शाह राजकीय महाविद्यालय मींग में विज्ञान संकाय एवं भूगोल विषय शुरू करने तथा पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके अलावा भंगोटा-बेडुला सड़क की मरम्मत, गैरबारम विद्यालय में शिक्षकों की कमी, क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन तथा नलगांव-कफोली मोटर मार्ग के सुधारीकरण का मुद्दा भी उठाया गया। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख दलबीर रावत ने चिह्नित उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग की।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं कांग्रेस नेता संदीप पटवाल ने कार्यक्रम की उपयोगिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जनता के धन की बर्बादी हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि इस प्रकार के कार्यक्रमों पर होने वाला खर्च ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों के सुदृढ़ीकरण तथा मूलभूत सुविधाओं के विकास पर किया जाए  ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला ने कहा कि नारायणबगड़ भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। उन्होंने जिलाधिकारी से क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का वास्तविक आकलन करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में नगर पंचायत कर्णप्रयाग अध्यक्ष गणेश शाह, उपजिलाधिकारी थराली यशबीर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता,परियोजना निदेशक आनंद सिंह, थाना प्रभारी थराली विनोद चौरसिया, खंड विकास अधिकारी विरेन्द्र असवाल, ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र रावत, कनिष्ठ प्रमुख भूपेंद्र मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button