नंदानगर में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन 227 मरीजों का उपचार, विभिन्न रोगों की स्क्रीनिंग और जांच की गई

चमोली –
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर आयोजित सेवा सप्ताह के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में दूसरे दिन भी विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 227 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
शिविर के दौरान 68 लोगों की हाईपरटेंशन तथा 68 की मधुमेह (डायबिटीज) की स्क्रीनिंग की गई। सात गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, 10 एक्स-रे और 92 विभिन्न लैब जांचें की गईं। वहीं 20 किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। 49 महिलाओं की सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग तथा 68 लोगों की मुख कैंसर की जांच की गई। इसके अलावा 10 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई, 18 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग हुई, 32 लोगों की आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाई गई तथा पांच लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि 15 जुलाई को भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।शिविर में सर्जन डॉ. भानु प्रताप ने 41, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबरीश कुमार सिंह ने 41, वरिष्ठ दृष्टिमितज्ञ शिव सिंह राणा ने 18, फिजीशियन एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुदेश ने 56, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृता ने 8, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा सिंह ने 12, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग सक्सेना ने 16 तथा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हर्षवर्धन सिंह रावत ने 15 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के सफल संचालन में स्वास्थ्य विभाग की टीम, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधन इकाई, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं आशा कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया।



