अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला दहन

चमोली –
अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा नेताओं पर लगाए जा रहे आरोपों के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह वर्त्वाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका कार्यालय के निकट सड़क तिराहे पर कांग्रेस का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह वर्त्वाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को एक घृणित और अमानवीय घटना बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रकरण को लेकर पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। न्यायालय द्वारा दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है, जो इस बात का प्रमाण है कि सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई की।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस संवेदनशील मुद्दे पर घृणित राजनीति कर रही है और बिना तथ्यों के भाजपा नेताओं पर अनर्गल व निराधार आरोप लगा रही है। कहा कि व्यक्तिगत विवादों और आरोप–प्रत्यारोप की आड़ में भाजपा को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह बिष्ट, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, सत्येन्द्र सिंह असवाल, भाजपा नेता राजेन्द्र हटवाल, मोहन सिंह नेगी, गजेंद्र सिंह रावत, चंद्रकला तिवारी, पुष्पा पासवान, विनोद कनवासी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


