Blog

शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट के विरोध में कर्मचारियों ने फूंका विधायक का पुतला

कामकाज पर पढ़ रहा है असर , आम जन मानस हो रहा है परेशान

ख़बर को सुनें

थराली –

देहरादून स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में हुई गाली-गलौच और मारपीट की घटना के विरोध में प्रांतीय एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन के आह्वान पर नारायणबगड़ में एजुकेशनल कर्मी पिछले कई दिनों से कार्य बहिष्कार पर रहे। आक्रोशित कर्मचारियों ने बुधवार को रायपुर विधायक उमेश कुमार काऊ का पुतला दहन कर विरोध जताया।

एसोसिएशन से जुड़े कर्मियों का आरोप है कि 21 फरवरी को विधायक अपने समर्थकों के साथ प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के कार्यालय पहुंचे, जहां अभद्रता, गाली-गलौच और मारपीट जैसी अप्रिय घटना को अंजाम दिया गया। कर्मचारियों ने इसे न केवल दुर्भाग्यपूर्ण बताया, बल्कि राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों का अपमान भी करार दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि वर्तमान में बोर्ड परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। जिन कर्मियों की ड्यूटी बोर्ड परीक्षा में लगी है, उन्हें कार्य बहिष्कार से मुक्त रखा गया है ताकि परीक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना दे रहे कर्मचारियों ने मांग की कि शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट करने वाले विधायक और उनके समर्थकों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा भविष्य में कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कठोर कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष एजुकेशनल मिनिस्ट्रीयल ऑफिसर्स एसोसिएशन नारायणबगड़ सौरभ मनेषा, प्रांतीय सांस्कृतिक सचिव देवेन्द्र सिंह बुटोला, शूरवीर सिंह भंडारी, राजकिशोर बिष्ट, मधुर मेहंदीरत्ता, शीतल पंवार, रविकिशन, सौरभ, दर्शन गिरी, रेखा, राजेंद्र बिष्ट, विनीता थपलियाल, शशिकला, धनीराम सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button