12 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर बंड नागपुर जनप्रतिनिधिमंडल करेंगे आर – पार की लाडई
5 मई से होगा धरना -प्रदर्शन
चमोली –
12 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर बंड नागपुर जनप्रतिनिधिमंडल संगठन ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। बार-बार ज्ञापन देने और प्रशासन के हस्तक्षेप के बावजूद समाधान न होने से नाराज संगठन ने आगामी 5 मई से टीएचडीसी के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व में जिला अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया था कि वे 20 अप्रैल को टीएचडीसी, एचसीसी और क्षेत्रीय जनता के बीच समन्वय स्थापित कर 12 सूत्रीय मांगों का निस्तारण करें। लेकिन, निर्धारित तिथि पर आम बैठक न हो पाने के कारण जनता का धैर्य जवाब दे गया है।
संगठन का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन निगम और प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं। 20 अप्रैल को प्रस्तावित बैठक न होने से ग्रामीणों में भारी रोष है।जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी अधिकारियों की सुस्ती पर सवाल उठ रहे हैं, जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि अब बातचीत का समय बीत चुका है और जब तक मांगें पूरी नहीं होती, प्रदर्शन जारी रहेगा।”हमने प्रशासन और निगम को पर्याप्त समय दिया, लेकिन हमारी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। अब 5 मई से बंड नागपुर की जनता अपने हक के लिए टीएचडीसी के गेट पर डेरा डालेगी।”
हालांकि मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिनमें मुख्य रूप से परियोजना प्रभावित क्षेत्र में विकास कार्य, रोजगार, पर्यावरण क्षतिपूर्ति और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। अब देखना होगा कि 5 मई से पहले प्रशासन संगठन को मनाने में सफल होता है या यह आंदोलन उग्र रूप धारण करेगा।


