Blog

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य ने जिले के अधिकारियों की ली बैठक

सफाई कर्मचारियों की समस्या सुन अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

ख़बर को सुनें

चमोली –

राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य श्री करम सिंह कर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को गोपेश्वर में जनपद के विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जनपद में कार्यकर रहे सफाई कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। साथ सफाई कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों और अधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए गए।

नगर पालिका परिषद चमोली गोपेश्वर के सभागार में आयोजित बैठक के दौरान सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र और जिलाध्यक्ष राजपाल ने नगर पालिका परिषद गोपेश्वर में सफाई कर्मचारियों के 13 पदों पर नियुक्ति करने, मोहल्ला स्वच्छता समिति में संलग्न कर्मचारियों की वेतन वृद्धि किए जाने सहित विभिन्न समस्याओं के निस्तारण की मांग की। जिस पर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के सदस्य की ओर से सभी अधिकारियों को नियमानुसार न्यूनतम मानदेय दिए जाने और सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने श्रम अधिकारी को सभी विभागों में तैनात सफाई कर्मचारियों की स्थिति और वेतन की जांच करने और न्यूनतम मानदेय भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिकाओं में कार्यरत सफाई कर्मचारियों की संख्या और वर्तमान में उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने नियमानुसार हाथ से मैला उठाने वाले कर्मचारियों को सरकार की योजनाओं से शत प्रतिशत लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल ने केंद्र व राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को सफाई कर्मचारियों के हितों के लिए सरकार की ओर से निर्धारित नियमों की जानकारी भी दी। इस मौके पर परियोजना निदेशक आनंद भाकुनी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, सीएमएस डॉ. अनुराग धनिक, तहसीलदार दिप्ती शिखा, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत, बीना नेगी, वाल्मीकि समाज संघ के महामंत्री अमित कुमार, देवभूमि सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विश्वम्बर, उपाध्यक्ष प्रीतम सिंह आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button