Blog

चमोली में राशन कार्ड सत्यापन अभियान तेज, अपात्रों पर होगी सख्त कार्रवाई

ख़बर को सुनें

*डीएम के निर्देश पर व्यापक जांच शुरू, जिला पूर्ति अधिकारी ने की सहयोग की अपील

चमोली –

जिलाधिकारी गौरव कुमार के निर्देशों के क्रम में जनपद चमोली में राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी अंकित पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार यह अभियान पूरे राज्य में संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सही लाभ दिलाना तथा फर्जी राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड एवं गैस कनेक्शन जैसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां एक ही परिवार द्वारा दो राज्यों से राशन कार्ड के माध्यम से लाभ लिया जा रहा है। इसी के दृष्टिगत यह सत्यापन अभियान पुनः शुरू किया गया है। साथ ही भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक 5 वर्ष में राशन कार्डों का पुनः सत्यापन तथा सभी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी कराया जाना भी अनिवार्य किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अभियान के सुचारु संचालन हेतु जनपद स्तर पर जिला पूर्ति अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। तहसील स्तर पर संबंधित उपजिलाधिकारी, ग्रामीण क्षेत्रों में खंड विकास अधिकारी तथा शहरी क्षेत्रों में अधिशासी अधिकारी एवं क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी स्तरों पर टीमों का गठन कर सत्यापन कार्य तेजी से कराया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे सत्यापन कार्य में सहयोग करें तथा यदि कोई परिवार अपात्र श्रेणी में आता है, तो वह स्वेच्छा से अपना राशन कार्ड संबंधित कार्यालय ग्राम पंचायत, विकास खंड या पूर्ति कार्यालय में जमा कर दें।  उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सत्यापन के दौरान यदि कोई उपभोक्ता अपात्र पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि इस अभियान को सफल बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button