ज्योतिर्मठ नगर पालिका रात में चला रहा विशेष सफाई अभियान
चारधाम यात्रा मार्ग पर स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम
चमोली –
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर पालिकाओं और ग्राम पंचायतों की ओर से तीर्थयात्रियों की सुविधा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए दिन-रात सफाई कार्य किए जा रहे हैं। दिन में वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए कई स्थानों पर रात्रि के समय विशेष सफाई और कूड़ा निस्तारण किया जा रहा है।
जनपद चमोली में श्री बदरीनाथ धाम और श्री हेमकुंड साहिब यात्रा के मुख्य पड़ाव ज्योतिर्मठ में पालिका प्रशासन की ओर से नगर क्षेत्र के साथ-साथ यात्रा मार्ग पर मारवाड़ी पुल से विष्णुप्रयाग तक विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा सीजन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के बीच स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि नगर और यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों की ओर से फेंके जा रहे कूड़े को नियमित रूप से एकत्र कर एमआरएफ सेंटर पहुंचाया जा रहा है, जहां उसका नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पालिका के पर्यावरण मित्र लगातार दो पालियों में सफाई कार्य में जुटे हैं। पहली पाली में मारवाड़ी क्षेत्र और दूसरी पाली में रात्रि के समय जोशीमठ क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में लगातार जाम और भीड़भाड़ के बावजूद सफाई कर्मचारी सुबह से देर रात तक अपने दायित्व निभा रहे हैं। प्रतिदिन 6 कुंतल कूड़ा एकत्र कर एमआरएफ सेंटर पहुंचाया जा रहा है। प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में कूड़ा न फैलाएं तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।



