सम्मान!– मांगल गर्ल नंदा सती को मिला प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य शक्ति पुरस्कार, गौरवान्वित हुआ पहाड़ का लोक..

चमोली –
वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर देहरादून में आयोजित एक कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार द्वारा महिलाओं और किशोरियों को तीलू रौतेली राज्य शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी को पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर सीमांत जनपद चमोली के पिंडर घाटी की बेटी मांगल गर्ल नंदा सती को संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य शक्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। आज गौरवान्वित हुआ पहाड़, पहाड़ के लोकगीत, मांगल गीत, मां नंदा के लोकगीत। छोटी सी उम्र में नंदा सती द्वारा गाये जानें वाले मांगल गीतों और लोकगीतों को सुनकर हर कोई अचंभित हो जाता है। मांगल गीतों की शानदार प्रस्तुति और हारमोनियम पर थिरकती अंगुलियां लोगों को झूमने पर मजबूर कर देती है। जिस उम्र में आज की युवा पीढ़ी मोबाइल, मेट्रो और गैजेट की दुनिया में खोई रहती है उस उम्र में नंदा का अपनीं लोकसंस्कृति से इतना लगाव उन्हें अलग पंक्ति में खडा करता है। नंदा नें मांगल गीतों के संरक्षण और संवर्धन के जरिये एक नयी लकीर खींची हैं। आपने पिंडर घाटी ही नहीं बल्कि पहाड़ के लोक को गौरवान्वित किया है। आपको प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार मिलने पर बहुत बहुत बधाई। हर रोज आपको ऐसे ही अनगिनत पुरस्कार मिलते रहें। आशा और उम्मीद करते हैं कि पहाड़ के लोक संगीत को आप नई ऊंचाईया प्रदान करेंगे। माँ नंदा और भगवान बद्रीविशाल की कृपा सदैव आप पर बनी रहे।
