आस्था– खुले लाटू देवता के कपाट, उमडे श्रद्धालू ,

देवाल –
शुक्रवार को लगभग दोपहर 2 बजे वाण गांव स्थित लाटू देवता मंदिर के कपाट आगामी 6 महीने के लिए भक्तों के दर्शनार्थ खोले दिये गये। आज बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सैकड़ो भक्तो की उपस्थिति में विधि विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लाटू मंदिर के दोपहर बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये। अब अगले 6 महीनों तक श्रद्धालु मंदिर में पूजा अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्घालुओं नें स्थानीय ग्रामीणों के साथ पारम्परिक झोडा, झुमेला लोकनृत्य किया। स्थानीय ग्रामीणों नें मां नंदा और लाटू देवता के लोकगीत और जागर भी लगाये। इस शुभ अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने लाटू मंदिर वाण पहुंचकर भगवान लाटू देवता का आशीर्वाद लिया। मां नन्दा देवी के धर्म भाई माने जाने वाले भगवान लाटू देवता, नन्दा राजजात यात्रा में वाण से अगुवाई करते हैं।
कपाट खुलने के अवसर पर नैनीताल हाईकोर्ट के जज श् शुभाष उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष चमोली दौलत सिंह बिष्ट , विधायक थराली भूपाल राम टम्टा, दायित्वधारी बलवीर घुनियाल, ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य हाट कल्याणी श्रीमती उर्मिला देवी , लाटू देवता के पुजारी खेम सिंह नेगी, ग्राम प्रधान वाण नन्दुली देवी , क्षेत्र पंचायत सदस्य वाण हेमा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता हीरा सिंह गढ़वाली, हीरा सिंह बुग्याली, हीरा सिंह पहाड़ी, अवतार सिंह, महावीर सिंह आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


